छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

सरस मेले में प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तरुणा साहू देगी अपनी मनमोहक प्रस्तुति*

 *सरस मेले में प्रसिद्ध पंडवानी गायिका  तरुणा साहू देगी अपनी मनमोहक प्रस्तुति*



     मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम  अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़ी महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों को बाजार उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से संभागीय सरस मेला का आयोजन हो रहा है। इस दौरान दुर्ग संभाग के सभी सात जिले सहित अन्य ज़िलों की महिला समूह अपने उत्पादन लेकर शामिल हो रही हैं। मेला 2 अगस्त की सुबह से प्रारंभ हो जाएगा तथा इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। विशेष रूप से सावन के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को सुबह 10:00 बजे से लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर पद्म विभूषण स्वर्गीय श्रीमती तीजन बाई की सुयोग्य शिष्या एवं प्रसिद्ध पंडवानी गायिका श्रीमती तरुणा साहू जी द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति भी दी जाएगी। सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 2 तारीख की सुबह से प्रारंभ होने वाले संभागीय सरस मेला मे पधार कर ग्रामीण महिला समूह द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों का अवलोकन करें तथा प्रत्येक खरीदी पर ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वदेशी भारत के संकल्प में अपना योगदान देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाएं।


     उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेला में दुर्ग संभाग के कबीरधाम सहित जिला दुर्ग, बालोद, राजनंदगांव, बेमेतरा, मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़- छुईखदान- गंडई के अतिरिक्त अन्य ज़िलों की महिला स्व सहायत समूह की दीदियों द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी सह विक्रय के लिए 50 स्टॉल गए हैं। आप सब 2 अगस्त की सुबह से 6 अगस्त की शाम तक भोरमदेव मंदिर के पास ग्राम चौरा में आयोजित होने वाले संभागीय सरस मेला में अपने परिवार,मित्रों और प्रियजनों के साथ आकर इसका आनंद उठाइए।

Leave Your Comment

Click to reload image