सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने दी शुभकामनाएँ
बेमेतरा 1 अगस्त 2026
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल ने जिले के सेवानिवृत्त शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को शाल, श्रीफल एवं पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि शासकीय सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का माध्यम है। वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि शासन उनकी सेवाओं और अनुभवों का सदैव सम्मान करता रहेगा।
खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यकाल में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जबकि उनके अनुभव और योगदान समाज के लिए हमेशा प्रेरणादायक बने रहते हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने बताया कि जिले में अब सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया जा रहा है। इस व्यवस्था से सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ समय पर उपलब्ध हो सकेंगे और अनावश्यक विलंब की समस्या समाप्त होगी।
समारोह में जिन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें श्रीमती देवत्री भीमटे (व्याख्याता), श्री अजय कुमार रानाडे (व्याख्याता), श्री सैयद नज़ीर अली (व्याख्याता), श्री रामचंद वर्मा (लेखापाल), श्री भुवनलाल साहू (एन.एम.ए.), श्री गेंद सिंह राजपूत (कनिष्ठ लेखाधिकारी) तथा श्री विनोद कुमार वंदे (सहायक पशु चिकित्सक अधिकारी) शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और कार्य संस्कृति नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू, साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।