छत्तीसगढ़ / कोरिया

’युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण का अवसर, लाइवलीहुड कॉलेज में पंजीयन शुरू’

 कोरिया 05 अगस्त 2026

जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, कोरिया (बैकुण्ठपुर) द्वारा जिला कौशल विकास प्राधिकरण के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग के अंतर्गत जिले के युवाओं को रोजगारोन्मुखी एवं स्वरोजगार आधारित निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए युवाओं का पंजीयन एवं काउंसलिंग प्रारंभ कर दी गई है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाकर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाना तथा स्वरोजगार के लिए आवश्यक दक्षता विकसित करना है। 

प्रशिक्षण शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणन के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।

’मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत इन ट्रेड में प्रशिक्षण’
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत जल वितरक संचालक के लिए 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए 90 सीट, सोलर पैनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन के लिए 12वीं उत्तीर्ण 60 सीट, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन के लिए 10वीं उत्तीर्ण 60 सीट, असिस्टेंट मेसन के लिए 10वीं उत्तीर्ण 60 सीट, मोबाइल फोन हार्डवेयर रिपेयर टेक्नीशियन के लिए 8वीं उत्तीर्ण 60 सीट, योगा इंस्ट्रक्टर के लिए 10वीं उत्तीर्ण 60 सीट तथा मेडिकल रिकॉर्ड असिस्टेंट के लिए 12वीं विज्ञान उत्तीर्ण युवाओं हेतु 60 सीट निर्धारित की गई हैं।

’आरपीएल के तहत भी मिलेगा प्रशिक्षण’
रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग के अंतर्गत सोलर पैनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन (सूर्य मित्र) के लिए 12वीं उत्तीर्ण युवाओं हेतु 120 सीट, असिस्टेंट मेसन के लिए 10वीं उत्तीर्ण 120 सीट, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन के लिए 10वीं उत्तीर्ण 120 सीट तथा जल वितरक संचालक के लिए 12वीं उत्तीर्ण युवाओं हेतु 180 सीट उपलब्ध हैं।

जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज द्वारा  वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे युवा निजी क्षेत्र में रोजगार, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत कर सकेंगे।

’14 से 45 वर्ष तक के युवा कर सकते हैं आवेदन’
जिले के 14 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवक-युवतियां निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के अनुसार संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिन युवाओं के पास संबंधित क्षेत्र में पूर्व से कार्य अनुभव है, वे भी प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। महिलाओं के लिए आवश्यक आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इच्छुक युवक-युवतियां जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, बैकुण्ठपुर में उपस्थित होकर काउंसलिंग में भाग लेते हुए अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता संबंधी अंकसूची/प्रमाण पत्र एवं नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना आवश्यक है।

’पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए संपर्क’
जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, जिला कौशल विकास प्राधिकरण, कोरिया (बैकुण्ठपुर), छत्तीसगढ़। मोबाइल नंबर- 8019697299 / 8889523944

जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज ने जिले के पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और अपने कौशल को विकसित कर रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाओं से जुड़ने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image