छत्तीसगढ़ / धमतरी

वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पर धमतरी में सप्ताहभर चलेंगे राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम

 धमतरी । छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के निर्देशन में धमतरी जिले में 7 से 15 अगस्त 2026 तक “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तृतीय चरण के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला पंचायत द्वारा धमतरी, कुरूद, मगरलोड एवं नगरी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रमों का प्रभावी एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले के शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर आधारित विविध आयोजन किए जाएंगे। इनमें प्रभात फेरियां, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगोष्ठियां, व्याख्यानमाला, निबंध, भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, राष्ट्रभक्ति विषयक प्रदर्शनी, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी। स्थानीय लोक संस्कृति एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी इन आयोजनों में प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा।

कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों सहित समाज के सभी वर्गों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही नागरिकों में कर्तव्यबोध, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने बताया कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, राष्ट्रीय अस्मिता और आत्मगौरव का अमर प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिले की सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय से इन आयोजनों को सफल बनाएंगे, ताकि “हर घर राष्ट्रभक्ति, हर मन वंदे मातरम्” की भावना जन-जन तक पहुंचे और आजादी के अमृतकाल में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश और अधिक सशक्त रूप से प्रसारित हो।

Leave Your Comment

Click to reload image