छत्तीसगढ़ / सरगुजा

किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में मिले खाद व गुणवत्तायुक्त बीज, वितरण व्यवस्था में लापरवाही ना हो : कृषि मंत्री नेताम

 कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने खाद भण्डारण केंद्र, बीज निगम एवं सहकारी समिति का किया औचक निरीक्षण

अम्बिकापुर । कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को जिले में कृषि व्यवस्थाओं का जायजा लेने खाद भण्डारण केंद्र ट्रांसपोर्ट नगर, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड अजीरमा तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित नमनाकला एवं सरगवां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा भण्डारण की स्थिति का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में कृषि विभाग के उपसंचालक पितांबर सिंह दीवान, डीएमओ अरुण विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद भण्डारण केंद्र में उर्वरकों के स्टॉक की ली जानकारी : 

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री नेताम ने खाद भंडारण केंद्र (डबल लॉक सेंटर ) ट्रांसपोर्ट नगर का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में एनपीके, पोटास, एसएसपी सहित अन्य खाद का भंडारण पाया गया। उन्होंने उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी ली और जिला विपणन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि समितियों से मांग अनुसार आपूर्ति करवाएं, जिससे किसानों को कृषि कार्य में असुविधा न हो। जिले मे पर्याप्त खाद भंडारण रखें,  वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो। इस दौरान मंत्री नेताम ने केंद्र परिसर में पौधारोपण करवाने तथा प्लेटफार्म निर्माण सहित अन्य जरूरी सुधार कार्य के निर्देश दिए।

बीज निगम अजिरमा पहुंचकर देखी व्यवस्था : 

छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के निरीक्षण के दौरान मंत्री नेताम ने विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीजों की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जाएं, बोआई के सीजन में जिले में बीज की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

सहकारी समिति में किसानों की सुविधाओं की ली जानकारी, किसानों से बात कर व्यवस्था पर लिया फीडबैक : 

इसके बाद मंत्री नेताम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित नमनाकला एवं सरगवां का निरीक्षण कर किसानों को दी जा रही सेवाओं, खाद-बीज वितरण एवं रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित किसानों से बात कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। किसानों की मांग पर सोसायटी परिसर में बाउंड्री वॉल तथा शेड निर्माण कराए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस हेतु उन्होंने स्वयं कलेक्टर सरगुजा से फोन पर चर्चा कर आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधक को किसान क्रेडिट कार्ड  के माध्यम से कृषकों को खाद एवं बीज वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के शत-प्रतिशत पात्र कृषकों का किसान क्रेडिट कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाए। किसानों की मांग को संवेदनशीलता से लेते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि धान खरीदी सीजन में किसानों की सुविधा अनुसार नए स्थल पर धान क्रय केंद्र का निर्धारण किया जाएगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image