छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

विकसित भारत जी रामजी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बेरला में सरपंचों का प्रशिक्षण संपन्न

 बेमेतरा । - विकसित भारत जी रामजी (VBGRAMG) योजना के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से जनपद पंचायत बेरला में सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योजना के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत बेमेतरा से आए सहायक परियोजना अधिकारी  नवीन साहू ने विकसित भारत जी रामजी योजना की अवधारणा, ग्राम विकास की समग्र कार्ययोजना, योजनाओं के प्रभावी अभिसरण, जनभागीदारी, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा पंचायतों की भूमिका पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकासोन्मुख बनाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ विकास सुनिश्चित करना है। इस दौरान उन्होंने सरपंचों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना के सफल संचालन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत बेरला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर ने सभी सरपंचों से आह्वान किया कि वे योजना के प्रत्येक प्रावधान का गंभीरता से अध्ययन कर ग्राम पंचायत स्तर पर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता तथा जनसहयोग से ही ग्रामीण विकास की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पंचायतों में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों के चयन, विभिन्न विभागों की योजनाओं के समन्वय, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों की क्षमता का विकास कर उन्हें ग्राम स्तर पर योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए सक्षम बनाना था, ताकि विकसित भारत के संकल्प को ग्राम स्तर पर सफलतापूर्वक साकार किया जा सके।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कश्यप, एस.डी.ओ. (आर.ई.एस.)  आसित गोलछा, जनपद पंचायत बेरला के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image