छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

राष्ट्रीय स्तर पर बेमेतरा का गौरव बढ़ाने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

 बेमेतरा । राष्ट्रीय स्तर की सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बेमेतरा जिले का नाम रोशन करने वाले दो प्रतिभावान खिलाड़ियों प्रिंस सिंह एवं आशीष पाटिल का आज कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक  त्रिलोक बंसल ने सम्मान किया। दोनों खिलाड़ियों ने सॉफ्टबाल खेल में छत्तीसगढ़ राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सीनियर नेशनल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर राज्य शासन द्वारा उन्हें उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है।

सम्मान के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक  त्रिलोक बंसल ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों द्वारा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की सफलता अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करती है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए गए खिलाड़ियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप शासकीय सेवा में अवसर प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ युवाओं में खेलों के प्रति रुचि एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिलता है।

प्रिंस सिंह ने 29 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीते 26 पदक

ग्राम जेवरा निवासी प्रिंस सिंह ने सॉफ्टबाल खेल में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अब तक 29 बार नेशनल एवं फेडरेशन कप प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 26 पदक अपने नाम किए हैं। निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के चलते प्रिंस सिंह ने जिले एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

आशीष पाटिल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीते 5 पदक

इसी तरह ग्राम जेवरा के ही आशीष पाटिल ने भी सॉफ्टबाल खेल में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 7 बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 5 पदक अर्जित किए हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित सम्मान अवसर पर दोनों उत्कृष्ट खिलाड़ियों के साथ शाला प्रबंधन समिति के सदस्य प्रबल सिंह, प्राचार्य विनोद चौहान, व्यायाम शिक्षक मृत्युंजय शर्मा एवं नोवेन्द्र साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिले के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से बेमेतरा में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों को भी नई प्रेरणा मिली है। राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर शासकीय सेवा के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में चयनित होना जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी एक प्रेरणादायी उदाहरण है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image