बेगलेस डे में दिखी प्रशासन की रचनात्मक पहल
छात्राओं ने संस्कृति और हुनर से सजाया शिक्षा परिसर
सुकमा, 09 अगस्त 2026
शिक्षण संचालनालय एवं एससीईआरटी रायपुर के निर्देशानुसार शैक्षणिक कैलेंडर 2026 के तहत शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, सुकमा में आयोजित बेगलेस डे छात्राओं के लिए ज्ञान, संस्कृति और रचनात्मकता का अनूठा संगम साबित हुआ। प्रशासन की पहल से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्व आदिवासी दिवस, विश्व शिल्प दिवस एवं सावन माह में भगवान शिव की आराधना से जुड़े विषयों पर छात्राओं ने आकर्षक प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गतिविधि आधारित इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कृति, कला और जीवनोपयोगी अनुभवों से भी समृद्ध होती है।
इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य श्रीमती अनिता नागे ने छात्राओं को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण एवं सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिल्पकला तथा सावन माह में भगवान शिव की आराधना के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पक्षों की जानकारी देते हुए छात्राओं को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने भी छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए नैतिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के साथ व्यवहारिक ज्ञान और रचनात्मक सोच को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताया।
बेगलेस डे के दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता करते हुए अपनी सृजनात्मक क्षमता, कला-कौशल और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रशासन एवं संस्था के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं को पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल बना। कार्यक्रम ने शिक्षा को गतिविधि आधारित, संस्कारयुक्त और जीवनोपयोगी बनाने के प्रशासन के प्रयासों को प्रभावी रूप से रेखांकित किया। इस अवसर पर संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।