छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

किशोरियों को मासिक धर्म एवं रजस्वला परिचर्या की दी गई वैज्ञानिक एवं आयुर्वेदिक जानकारी

 नारायणपुर,अगस्त 2026

संचालनालय आयुष के निर्देशन, जिला प्रशासन नारायणपुर के मार्गदर्शन एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी के नेतृत्व में राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक, नारायणपुर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुम्हारपारा में छात्राओं के लिए मासिक धर्म जागरूकता एवं रजस्वला परिचर्या विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीना खोबरागड़े ने छात्राओं को मासिक धर्म को एक प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया बताते हुए इससे जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों के संबंध में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही उपयोग एवं सुरक्षित निपटान, संतुलित एवं आयरन युक्त आहार, एनीमिया की रोकथाम तथा नियमित व्यायाम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही आयुर्वेद में वर्णित रजस्वला परिचर्या की जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि में हल्का एवं सुपाच्य भोजन, पर्याप्त विश्राम, मानसिक शांति एवं स्वच्छता का पालन महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित  छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किए गए। साथ ही अनियमित माहवारी, अत्यधिक दर्द एवं अधिक रक्तस्राव जैसी समस्याओं में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

विद्यालय के प्राचार्य श्री डोमेश्वर दीवान ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग द्वारा दी जा रही वैज्ञानिक एवं आयुर्वेदिक जानकारी छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मासिक धर्म से जुड़े भ्रमों को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस सार्थक पहल के लिए आयुष विभाग की सराहना की।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मासिक धर्म, पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती बिन्देश्वरी देवांगन, पल्लवी यादव, फुलमा कावडे एवं पेनिशा मांझी का विशेष सहयोग रहा। अंत में छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image