छत्तीसगढ़ / रायपुर

राजहरा में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने की कवायद

पुलिस प्रशासन ने बुलाई सर्वदलीय बैठक; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई


बालोद। जिले के दल्ली राजहरा शहर एवं आसपास के थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के बेधड़क उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमले ने कमर कस ली है। क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ नगर पालिका, व्यापारी संघ, परिवहन संघ तथा पत्रकार संघ के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी संघों से सहयोग की अपील की गई। बैठक में तय किए गए मुख्य दिशा-निर्देश जिनमें नाबालिगों की ड्राइविंग पर रोक: कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। नो-पार्किंग पर सख्ती : सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेतरतीब वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी। गति सीमा का पालन: निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जाएगी। मोबाईल और नशा निषेध : वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने और शराब या किसी भी प्रकार के नशे में ड्राइविंग करने वालों पर सख्त रुख अपनाया जाएगा। सुरक्षा साधनों का अनिवार्य उपयोग : दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले मालिकों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। यदि आवारा मवेशियों से टकराकर कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित मवेशी मालिक के विरुद्ध वैधानिक मामला दर्ज किया जाएगा।

बैठक के तुरंत बाद एक्शन मोड में आई पुलिस टीम ने 11 अगस्त को पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों को ठेंगा दिखाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए गए जिनमें ट्रक चालकों पर एफआईआर : नेशनल हाईवे पर सफेद पट्टी के भीतर खतरनाक तरीके से गाड़ियां खड़ी करने वाले 03 ट्रक चालकों के खिलाफ धारा 285 (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ट्रकों को जप्त किया गया।

नाबालिग चालकों पर कार्रवाई : गाड़ियां दौड़ाते पाए गए 05 नाबालिग चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा गया। मॉडीफाइड साइलेंसर पर शिकंजा : बुलेट में तेज आवाज वाला मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 01 चालक का प्रकरण दर्ज किया गया। शराब पीकर ड्राइविंग : नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 01 चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शिकंजा कसा गया। नो-पार्किंग में कार्रवाई : नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 03 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

आपको बता दें कि बालोद पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन में यह संपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वहीं बैठक में राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विकास पाटले, राजहरा एसडीएम सुरेश कुमार साहू तथा थाना प्रभारी राजहरा सुनील तिर्की अपने मातहत पुलिस एवं यातायात अमले के साथ उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image