रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: गुंडा-बदमाशों से लेकर तंबाकू और शराब तक कार्रवाई
रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में 11 अगस्त को असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सिविल लाइन, देवेंद्र नगर, तेलीबांधा, कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में पुलिस ने व्यापक चेकिंग और कार्रवाई की।
अभियान के दौरान निगरानीशुदा और गुंडा-बदमाशों की 142 चेकिंग की गई। इनमें 121 की उपस्थिति दर्ज हुई, जबकि 22 फरार, 36 जेल में निरुद्ध, एक अदम पता और 8 व्यक्ति क्षेत्र से बाहर मिले। पुलिस ने चाकूबाजी के एक मामले समेत अवैध एवं उपद्रवी गतिविधियों से जुड़े 5 मामलों में कार्रवाई की। वहीं BNSS की विभिन्न धाराओं के तहत 17 प्रकरणों में 19 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों के अवैध उपयोग के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत 70 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा आबकारी एक्ट के तहत 3 मामलों में 3 लोगों पर कार्रवाई हुई। पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और संदिग्धों व निगरानीशुदा बदमाशों पर लगातार नजर रखकर अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की कार्रवाई की जाएगी।