छत्तीसगढ़ / कोरिया

अग्निवीर भर्ती परीक्षा पास युवाओं को मिलेगा निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण

 कोरिया  ।  भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 के तहत कम्प्यूटर आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण करने वाले कोरिया जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, बैकुंठपुर द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है।

 
 
 

जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार, थल सेना भर्ती कार्यालय द्वारा कम्प्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में सफल जिले के प्रारंभिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कराने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

’30 अगस्त तक कराएं पंजीयन’

प्रशिक्षण का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 अगस्त 2026 तक जिला रोजगार कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, जिला पंचायत के पीछे गढ़कलेवा के बगल में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से अपना पंजीयन कराना होगा।

अभ्यर्थियों को पंजीयन के समय ऑनलाइन लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने संबंधी समस्त आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित होना होगा। पंजीयन के आधार पर ही अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

अग्निवीर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा सेना में चयन की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। ऐसे में लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके युवाओं के लिए जिला रोजगार कार्यालय की यह पहल शारीरिक दक्षता परीक्षा की बेहतर तैयारी में उपयोगी साबित होगी। कार्यालय ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image