राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने किया वृद्धाश्रम का शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को बताया सामाजिक जिम्मेदारी
मोहला । समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित एवं जन कल्याण सामाजिक संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का शुभारंभ एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह शनिवार को मोहला में गरिमापूर्ण संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन लोकशक्ति परिसर, हनुमान मंदिर के पास, भोजटोला रोड, वार्ड क्रमांक-01, तेलीटोला, मोहला में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनके अनुभव, मार्गदर्शन एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मान व्यक्त किया गया।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने जरूरतमंद वृद्धजनों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने वृद्धाश्रम के शुभारंभ को क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम के माध्यम से जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को आश्रय, देखभाल और सम्मानजनक जीवन का वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जन कल्याण सामाजिक संस्थान के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।