छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए कौशल प्रदर्शन का सुनहरा अवसर, इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 हेतु पंजीयन प्रारंभ, 15 सितम्बर तक कर सकेंगे आवेदन

 सूरजपुर/18 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (सीएसएसडीए) द्वारा इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 के लिए आधिकारिक रूप से पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जो 15 सितम्बर 2026 तक जारी रहेगी।

                  भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 63 स्किल्स को शामिल किया गया है, जिनमें पारंपरिक कौशलों के साथ-साथ आधुनिक युग के डिजिटल कौशल भी सम्मिलित हैं। इस प्रकार युवाओं को अपनी रुचि एवं दक्षता के अनुरूप विविध क्षेत्रों में प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

                  पंजीयन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया कि इच्छुक अभ्यर्थी केवल स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन कर सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है तथा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 16 वर्ष होनी चाहिए।

                  पात्रता मानदण्ड के अनुसार सामान्य स्किल्स के लिए अभ्यर्थी का जन्म 1 जनवरी 2006 या उसके बाद होना चाहिए। वहीं डिजिटल कन्स्ट्रक्शन, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, रोबोट सिस्टम्स इन्टीग्रेशन एवं एयरक्राफ्ट मेंटनेंस जैसे 13 विशेष आधुनिक स्किल्स के लिए अभ्यर्थी की जन्म तिथि 01 जनवरी 2003 या उसके बाद होना आवश्यक है।
                   राज्य शासन द्वारा विशेष रूप से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना (एमएमकेवीवाई) एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत प्रशिक्षित युवाओं के साथ ही आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

                   उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता राज्य के युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता एवं नवाचार को प्रदर्शित करने के लिए वैश्विक मंच प्रदान करेगी। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक एसआईडीएच पोर्टल अथवा लाइवलीहुड कॉलेज, सूरजपुर से संपर्क कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image