छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

’’बने खाबो-बने रहिबो’’ 2.0’ के तहत 23 अगस्त तक चलेगा सघन खाद्य सुरक्षा अभियान

 दंतेवाड़ा । कार्यालय उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से जारी विज्ञप्ति अनुसार आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के अंतर्गत 17 से 23 अगस्त तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत जिले के थोक खाद्य एवं मिठाई बाजारों में मिठाई विक्रेताओं, वितरकों, आपूर्तिकर्ताओं एवं मौसमी मिठाई विक्रेताओं की जांच की जाएगी। बिना लेबल की मिठाइयों, संदिग्ध मिल्क स्वीट्स, डेयरी एनालॉग उत्पादों तथा खाद्य पदार्थों की खरीदी-बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की जाएगी।

रक्षाबंधन पर्व के लिए बड़े पैमाने पर मिठाई एवं नमकीन तैयार करने वाली अस्थायी एवं मौसमी निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर स्वच्छता, लाइसेंस, पंजीयन, खोवा, पनीर, दूध, घी एवं तैयार मिठाइयों की गुणवत्ता तथा लेबलिंग की जांच की जाएगी। इसी प्रकार डेयरी एनालॉग, मिल्क स्वीट्स एवं पनीर उत्पाद बनाने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। गैर-दुग्ध घटकों से निर्मित खाद्य पदार्थों को वास्तविक दुग्ध उत्पाद के रूप में प्रस्तुत किए जाने की स्थिति में नियमानुसार नमूना संकलन एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 
 
 
 

 

ग्रामीण क्षेत्रों की मिठाई दुकानों, छोटे कन्फेक्शनरी कारोबारियों, अस्थायी विक्रेताओं, स्थानीय वितरकों तथा साप्ताहिक बाजार एवं हाट में खाद्य सामग्री बेचने वाले कारोबारी भी जांच के दायरे में रहेगें। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों में बटर, क्रीम, चीज, पनीर आदि के नाम से उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी जांची जाएगी। जांच के दौरान मिलावट, अमानक खाद्य पदार्थ, मिथ्याछाप, भ्रामक लेबलिंग अथवा उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाली जानकारी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत नमूना संकलन, जब्ती एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image