धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा के लिए Dedicated Highways Surveillance Team गठित
राजमार्गों की नियमित निगरानी, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों के प्रभावी पालन पर रहेगा विशेष जोर
संयुक्त सर्विलेंस टीम ने किया फील्ड निरीक्षण की गयी कार्रवाई
धमतरी, 19 अगस्त 2026
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से Dedicated Highways Surveillance Team का गठन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार गठित यह टीम जिले के राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों की नियमित निगरानी करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विभागीय समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह पहल परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के 19 जून 2026 के निर्देश तथा माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा Suo Motu W.P. (Civil) No- 9 of 2025 (National Highway Safety) के अंतर्गत फलौदी (राजस्थान) एवं रगारेड्डी (तेलंगाना) में हुई सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है।
गठित टीम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदस्य-सचिव होंगे। वनमंडलाधिकारी (सामान्य) धमतरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजना कार्यान्वयन इकाई अभनपुर के परियोजना निदेशक, धमतरी, कुरूद एवं नगरी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), आयुक्त नगर पालिक निगम धमतरी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग संभाग धमतरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवहन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।