कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं
कोण्डागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने इस दौरान प्राप्त आवेदनों का संवेदनदशीलता के साथ जांच करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत चनियागांव के कृषकों ने ऑयल पॉम की खेती के लिए पौधे एवं नलकुप खनन हेतु अनुदान प्रदाय करने की मांग की। ग्राम पंचायत केरावाही के ग्रामीणों ने शासकीय प्राथमिक शाला में एक शिक्षक होने की जानकारी देते हुए एक और शिक्षक की मांग की। ग्राम पंचायत धनपुर के ग्रामीणों ने नेटवर्क नहीं होने से हो रही परेशानी को अवगत कराते हुए मोबाईल टॅावर स्थापित करने की मांग की। ग्राम पंचायत कुम्हारी के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन के अतिजर्जर होने की जानकारी देते हुए नवीन भवन स्वीकृत करने की मांगा की। इसी तरह विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।