जनदर्शन में पहुंचे आम नागरिकों की हो रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
कोण्डागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले जनदर्शन में अपनी समस्याओं एवं मांगों को लेकर पहुंचने वाले आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जनदर्शन में आने वाले नागरिकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर आयोजित किया जा रहा है।
जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाते हुए अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकीय दल द्वारा नागरिकों के ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर नागरिकों को चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली, खान-पान और नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में भी जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जनदर्शन में आने वाले आम नागरिकों को सहज, सुलभ एवं आवश्यकतानुसार निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जनदर्शन के दौरान उपलब्ध कराई जा रही यह सुविधा नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।