छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

जल जीवन मिशन की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, लंबित कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा पर जोर

 बेमेतराअगस्त 2026

कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित जल जीवन मिशन के विभिन्न कार्यों की प्रगति, समूह जलप्रदाय योजनाओं, फंड रिलीज, CIRP, ‘हर घर जल’ अभियान तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सहित वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में SNA Sparsh के अंतर्गत देयकों के भुगतान तथा 7 जुलाई 2026 के उपरांत प्राप्त आवंटन के विरुद्ध किए गए भुगतानों के अनुमोदन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों से योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने लंबित वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। प्रगतिरत समूह जलप्रदाय योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षित गति से कम है, उनमें आ रही बाधाओं को चिन्हांकित कर तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण करने तथा प्रत्येक परियोजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने कहा। कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं ठेकेदार के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

‘हर घर जल’ अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्र ग्रामीण परिवारों तक कार्यशील नल कनेक्शन पहुंचाने के साथ नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखने और मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पदमाकर, पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री जे.पी. गोंड, सीएसपीडीसीएल के श्री जे.एस. भटनागर, कृषि उपसंचालक श्री एम.डी. डड़सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image