56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग, कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव द्वारा जारी विभिन्न आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी गई है। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश भी जारी किए गए हैं।
56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग
राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जजों को पहली बार विभिन्न न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। सभी नव-नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हायर ज्यूडिशियल सर्विस में 5 अधिकारियों का तबादला
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर पदस्थ किया गया है।
ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है। ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
वहीं नमिता मिंज भास्कर को धमतरी और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।
नीरज शर्मा को रायपुर की विशेष अदालत की जिम्मेदारी
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीनियर डिवीजन में भी नई पदस्थापनाएं
सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में भी कई न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।
जूनियर डिवीजन के 7 जजों का भी तबादला
इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। हाईकोर्ट की ओर से जारी आदेशों के तहत संबंधित सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
नए न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति और वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं से प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक कार्यों के संचालन को और बेहतर बनाने की उम्मीद है।