दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में शांतिधारा, स्वाध्याय व दीक्षार्थियों का भव्य बिंदोला
रायपुर । समयोपदेश वर्षायोग (चातुर्मास) 2026 के अंतर्गत मालवीय रोड स्थित दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में शनिवार का दिन अत्यधिक भक्ति, संयम और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। मुनिसंघ के पावन सानिध्य में प्रातःकाल से लेकर संध्या तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, स्वाध्याय, आहारदान, दीक्षार्थी सम्मान एवं संस्कार कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
समयोपदेश वर्षायोग 2026 समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन एवं उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन विक्की,मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि आज प्रातः 7:30 बजे बड़ा मंदिर में मूलनायक भगवान की बेदी के समक्ष जिनेन्द्र प्रभु का अभिषेक एवं बृहद शांतिधारा का आयोजन किया गया। मुनि पुनीत सागर के मुखारविंद से उच्चारित पावन मंत्रोच्चार के बीच शांतिधारा संपन्न हुई। आज की शांतिधारा एवं अभिषेक का सौभाग्य निर्मल मनीता खुशबू जैन एवं प्रवीण कुमार उमंग कुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ। अभिषेक एवं शांतिधारा के उपरांत धार्मिक कक्षाओं का आयोजन हुआ। स्वाध्याय की श्रृंखला में मुनि पुनीत सागर ने श्रद्धालुओं को 'तत्त्वार्थ सूत्र' के पंचम अध्याय का गहन अध्ययन करवाया। वहीं मुनि आगम सागर ने धार्मिक कक्षा में 'छह ढाला' ग्रंथ की तीसरी ढाल का वाचन व अध्यापन कराया।
अभिषेक-पूजन एवं स्वाध्याय के पश्चात श्रद्धालुओं ने पूरे भाव-भक्ति व नवधा भक्ति पूर्वक मुनिसंघ को आहारदान देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मुनि आगम सागर को आहारदान देने का सौभाग्य दीपक भैया, जिनेश कुमार, नवीन कुमार, राकेश, मुकेश, अनिमेश, निधि दीदी, मधु दीदी, राजकुमारी एवं प्रमोद कुमार (फूफा जी, आरोन वाले) को प्राप्त हुआ। मुनि पुनीत सागर को आहारदान कराने का सौभाग्य मोना अक्षत जैन (जगदलपुर वाले) को प्राप्त हुआ। एलक स्वागत सागर को उनके निज निवास पर आहारदान कराने का पुण्य लाभ भरत जैन भोरावत, हर्षवर्धन एवं प्रिंस जैन भोरावत परिवार को मिला। विशेष रूप से एलक धैर्य सागर का आज वार्षिक व्रत रहा।
पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज के हाथों आगामी चातुर्मास के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाली भव्य जैनेश्वरी दीक्षा के परिप्रेक्ष्य में, मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर संयमी दीक्षार्थियों की गोद भराई, बिंदोला एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्षायोग समिति एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति में बा. ब्र. अंकित जैन (प्रतापगढ़, राजस्थान), बा. ब्र. अनिकेत भैया, बा. ब्र. यश भैया (पिंड, म.प्र.), बा. ब्र. प्रसन्न पाटनी एवं ब्र. वकील चंद (बडीत, उ.प्र.) का मंगल तिलक, वस्त्र एवं उपहार भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।
मुनि पुनीत सागर के सानिध्य में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी आंतरिक क्षमताओं को जागृत करने हेतु 'थर्ड आई' (अंतर्ज्ञान चक्षु) की विशेष कक्षा का शुभारंभ आज शाम 4 बजे से किया जा रहा है। यह विशेष कक्षा प्रति शनिवार एवं रविवार को आयोजित होगी, जिसमें बच्चे ध्यान और साधना के माध्यम से अपनी मानसिक व अंतर्ज्ञान शक्ति को बढ़ाने के व्यावहारिक सूत्र सीखेंगे।
23 अगस्त (रविवार) के विशेष धार्मिक कार्यक्रम
* प्रातः 7:30 बजे: भगवान पार्श्वनाथ जी का महामस्ताभिषेक, चमत्कारिक स्फटिक मणि की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा।
* दोपहर 1:00 से 3:00 बजे: बच्चों हेतु 'थर्ड आई' (अंतर्ज्ञान चक्षु) विशेष कक्षा।
* दोपहर 3:00 बजे: मुनि आगम सागर की मंगल देशना, प्रवचन।
वर्षायोग समिति एवं दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर प्रबंधकारिणी समिति ने रायपुर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अनुरोध किया है कि कल रविवार के इन सभी पावन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर मुनिसंघ का दर्शन-वंदन करें और धर्म लाभ प्राप्त करें।