छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

देवकर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया सार्वजनिक शौचालय निर्माण की प्रक्रिया जारी

 बेमेतरा । नगर पंचायत देवकर के वार्ड क्रमांक 14 (प्रस्तावित वार्ड 13) जामगांव रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय को लेकर नगर पंचायत द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। लगभग 20 वर्ष पुराने 06-सीटर सार्वजनिक शौचालय का ढांचा तकनीकी रूप से जर्जर हो चुका है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत द्वारा पुराने ढांचे के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया सार्वजनिक शौचालय निर्माण का निर्णय लिया गया है।

स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत पुराने शौचालय को डिस्मेंटल कर लगभग 16.90 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त आकांक्षी शौचालय (Aspirational Toilet) निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। परियोजना के लिए क्षेत्रीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग संभाग से 5 मार्च 2024 को तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इसके पश्चात अंतिम वित्तीय स्वीकृति के लिए विस्तृत कार्ययोजना (DPR) मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा), नवा रायपुर को प्रेषित की गई है।

नए शौचालय के लिए जामगांव रोड पर लगभग 3000 वर्गफीट बाधा मुक्त भूमि आरक्षित की गई है। प्रस्तावित सुविधा में दिव्यांगजनों एवं थर्ड जेंडर के लिए पृथक शौचालय, महिलाओं के लिए फीडिंग एवं चेंजिंग रूम, वॉटर रीसाइक्लिंग सिस्टम तथा आधुनिक जल व्यवस्था के लिए स्वतंत्र बोरवेल एवं पंप जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।

नगर पंचायत द्वारा पुराने शौचालय की वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थायी एवं बेहतर समाधान के रूप में नए आधुनिक शौचालय निर्माण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इससे स्थानीय नागरिकों एवं जामगांव रोड से आवागमन करने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image