छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

बस्तर मुन्ने अभियान के तहत 25 अगस्त को मानपुर में जिला स्तरीय दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर

  मोहला, 24 अगस्त 2026

बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 अगस्त 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मानपुर में जिला स्तरीय दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।
        समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग पेंशन की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में कई पात्र दिव्यांग हितग्राहियों के पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है। इसके कारण पात्र हितग्राहियों को दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने में विलंब हो रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
       शिविर में चिन्हांकित पात्र दिव्यांगजनों का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कर दिव्यांगता का प्रमाणीकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों के यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
       शिविर में शामिल होने वाले हितग्राहियों को एक पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा। फोटो ऐसी होनी चाहिए, जिससे दिव्यांगता की पहचान स्पष्ट रूप से हो सके।
        जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने संबंधित जनपद पंचायतों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के चिन्हांकित दिव्यांगजनों को निर्धारित तिथि पर शिविर स्थल तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं और पेंशन सहित अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाना है।

Leave Your Comment

Click to reload image