छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़

रक्षाबंधन के पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन टीम होटलों में कर रही नकली मिठाई की जांच

 सारंगढ़ बिलाईगढ़, । आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार 17 अगस्त से 23 अगस्त तक ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों, डेयरी, होटल, किराना दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की जा रही है।

अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा सारंगढ़ क्षेत्र के विभिन्न दुकानों, होटलों और गुमटी से बेसन लड्डु, मिनी पेड़ा, कुंदा, पेड़ा , नरियल बर्फी, सोनपापड़ी, चाकलेट, घी, पनीर आदि का नमूना  लिया गया तथा निरीक्षण किया गया। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

 
 
 
 
 

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए। संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, पीने योग्य पानी को ढककर रखने, खाद्य पदार्थों को छानने के लिए उपयोग किए जाने वाले तेल का बार-बार इस्तेमाल न करने तथा खाद्य सामग्री की पैकिंग के लिए अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के लिए समझाइश दी गई। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, तथा मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक रंगों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।

 
 
 
 
 

 खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक पंजीयन/लाइसेंस प्राप्त कर ही व्यवसाय संचालित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ थीम पर इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में नकली एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण एवं निर्माण प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने खाद्य दुकान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों को खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने समझाइश दी गई है। इस कार्यवाही में  अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचन्द पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल शामिल थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image