छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त बनी खुशियों की सौगात

 गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 अगस्त 2026

गौरेला विकासखंड के ग्राम सेमरा निवासी श्रीमती वर्षा राठौर के लिए रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त मिलना खुशियों की सौगात लेकर आया। खाते में 1 हजार रुपये की राशि पहुंचने पर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि उनके लिए परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग साबित होती है। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ-साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी सहयोग करने का अवसर देती है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे परिवार की जिम्मेदारियों में अपनी भूमिका और अधिक मजबूती से निभा रही हैं।
                श्रीमती वर्षा राठौर बताती हैं कि महतारी वंदन योजना की राशि से घर-परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू आवश्यक सामग्री और अन्य जरूरी खर्चों के लिए यह राशि उनके काफी काम आती है। हर महीने खाते में सहायता राशि आने से उन्हें आर्थिक संबल और जरूरत के समय स्वयं के स्तर पर खर्च करने का भरोसा मिलता है। रक्षाबंधन से पहले 30वीं किस्त मिलने पर श्रीमती वर्षा राठौर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमारे विष्णु भैया ने राखी से पहले 30वीं किस्त जारी कर हम सभी बहनों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं। इसके लिए मैं विष्णु भैया का हृदय से धन्यवाद करती हूं।”

Leave Your Comment

Click to reload image