छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

नारायणपुर : आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को किया जागरूक

 बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग के निर्देश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत बालिकाओं को आत्मरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगलापारा एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महावीर चौक, जिला नारायणपुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लगभग 440 किशोरी बालिकाएं लाभान्वित हुईं। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति अंतर्गत जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती वीणा नेताम ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बालिकाओं की शिक्षा तथा महिलाओं के अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में समान अवसरों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मास्टर ट्रेनर श्री प्रेमलाल नाग द्वारा किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यवहारिक एवं उपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विषम एवं आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने, सही शारीरिक मुद्रा अपनाने, त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित रूप से बचाव करने के सरल एवं प्रभावी उपाय बताए गए। बालिकाओं को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध अथवा विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय साहसपूर्वक सहायता मांगना, आसपास के लोगों को सचेत करना और तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाना आवश्यक है। साथ ही डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं एवं युवतियों को जागरूक, सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास की भावना विकसित करना रहा। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आत्मरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का आयोजन जिला मिशन समन्वयक श्रीमती बिंदेश्वरी साहू, वित्तीय साक्षरता श्री टेकेश्वर सिन्हा, महतारी वंदन ऑपरेटर श्री आशीष पोटाई एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर श्री प्रेमलाल नाग के समन्वय से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री कमलेश सिंह, श्री मनोज बागड़े, शिक्षिका श्रीमती करुणा मंडावी सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave Your Comment

Click to reload image