छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित

 निर्माणाधीन नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर पंचायतों को सौंपने के निर्देश

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं के कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संबंधित ग्राम पंचायतों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पूर्ण नल-जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए उन्हें नियमानुसार पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचायतों को जल अर्पण प्रमाण पत्र प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
         कलेक्टर ने सोलर आधारित जल योजनाओं में हुए व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने योजनाओं में अधिक भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर नियमानुसार राशि की वसूली सुनिश्चित करने कहा। साथ ही नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए ठेकेदारों की बैठक आयोजित कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नल-जल योजनाओं के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और योजनाओं के कार्यों का गुणवत्ता निरीक्षण थर्ड पार्टी के माध्यम से कराने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से ग्रामीणों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। समिति की बैठक में जल जीवन मिशन के तहत कार्यरत मानव संसाधन के सपोर्ट मद में लंबित देयकों के भुगतान का अनुमोदन किया गया। बैठक में डीएफओ श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रिया सोनी सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image