महतारी वंदन योजना बनी सहारा, बिना चिंता चुक रही ऋण की किस्तें
दंतेवाड़ा, 27 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता न केवल महिलाओं की दैनिक जरूरतों को पूरा कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और वित्तीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में भी सहयोग दे रही है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण छिंदवाड़ा निवासी श्रीमती पार्वती बघेल हैं। पार्वती बघेल ने लगभग तीन वर्ष पूर्व अपनी पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने के लिए ऋण लिया था, जिससे उन्होंने अपने घर के लिए फ्रिज, कूलर तथा अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री खरीदी। वर्तमान में उन्हें ऋण की मासिक किस्त के रूप में लगभग 700 रुपये का भुगतान करना पड़ता है।
इस संबंध में श्रीमती पार्वती बघेल बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। वे इसी राशि से अपनी ऋण की किस्त नियमित रूप से जमा कर देती हैं। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर्व से पहले भी योजना की राशि उनके खाते में प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने अपनी मासिक किस्त का भुगतान कर दिया। अब उन्हें ऋण चुकाने को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं रहती। पार्वती बघेल का कहना है कि महतारी वंदन योजना ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है। नियमित सहायता मिलने से घरेलू खर्चों का प्रबंधन आसान हुआ है और वित्तीय जिम्मेदारियों का निर्वहन भी सुगमता से हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण महिलाओं को आर्थिक आत्मविश्वास मिला है तथा वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं। महतारी वंदन योजना वास्तव में महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।