छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

गरियाबंद:- शौच के लिए गए युवक पर मादा भालू ने किया हमला, घायल युवक को रेंजर सुशील सागर ने पहुंचाया हॉस्पिटल

राधेश्याम सोनवानी,*गरियाबंद:-* ध्रुवागुड़ी पेट्रोल पंप से लगे जंगल में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए गए एक युवक पर मादा भालू अपने दो शावक के साथ अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में ग्राम कालीमाटी निवासी जनार्दन मांझी (पिता श्याम सुंदर मांझी) गंभीर रूप से घायल हो गए। भालू के हमले से जनार्दन के सिर, शरीर और बाएं कंधे पर गहरे घाव आए हैं। हमले के दौरान युवक ने साहस दिखाते हुए किसी तरह खुद को बचाया और भागकर मुख्य मार्ग तक पहुंचकर अपनी जान बचाई।


*रेंजर सुशील कुमार सागर की तत्परता आई काम*

घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) सुशील कुमार सागर ने बेहतरीन सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अपनी विभागीय गाड़ी से घायल युवक को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवभोग पहुंचाया। रेंजर की इस त्वरित सक्रियता और मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है, जिसके चलते समय रहते घायल को बेहतर चिकित्सकीय उपचार मिल सका।

वन विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता और मुआवजा
वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तुरंत तात्कालिक राहत राशि उपलब्ध कराई है। साथ ही परिजनों को विधिवत मुआवजा प्रकरण तैयार करने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है। विभाग ने आश्वस्त किया है कि घायल युवक के संपूर्ण इलाज का खर्च शासकीय नियमानुसार मुआवजा मद से वहन किया जाएगा।

*हफ्तेभर पहले कराई गई थी मुनादी, सतर्कता बरतने की अपील*

क्षेत्र के जंगलों में विगत कुछ वर्षों में वन्यजीवों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने सप्ताह भर पहले ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को जंगलों की ओर अकेले न जाने और पूरी सतर्कता बरतने की चेतावनी दी थी। वन विभाग ने एक बार फिर ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और जंगल क्षेत्र में अकेले जाने का जोखिम न उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image