छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

खेल अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है : सांसद विजय बघेल

 बेमेतरा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ

पहली बार जिले को मिली भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी, 160 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

बेमेतरा अगस्त 2026

जिले में पहली बार आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 (भारोत्तोलन बालक/बालिका 17 एवं 19 वर्ष) का आज पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, बेमेतरा प्रांगण में विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री बघेल ने खेल ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में साजा विधायक श्री ईश्वर साहू एवं अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद श्री विजय बघेल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पॉवर लिफ्टिंग उठाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेल जीवन में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाता है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि खेल अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल में हार से निराश या हताश नहीं होना चाहिए। हार को सीख के रूप में लेकर उत्साह, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सरगुजा, बिलासपुर, बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जिले को पहली बार *राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता* की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर,बस्तर एवं दुर्ग संभाग से लगभग 160 बालक-बालिका खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भारोत्तोलन में अपनी प्रतिभा और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image