छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

मरवाही क्षेत्र में कलेक्टर का औचक निरीक्षण

 शिक्षा व्यवस्था परखी, निर्माण कार्यों में अनियमितता पर सख्ती, विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई का स्तर जाना, सचिवों को लंबित कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 2 सितंबर 2026

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज मरवाही क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों एवं जनपद पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया तथा जनपद पंचायत कार्यालय में सचिवों की बैठक लेकर ग्रामीण विकास योजनाओं एवं लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

विद्यार्थियों से संवाद कर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता

कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल करहनी की कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम एवं विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों की विषयगत समझ और पठन-पाठन के स्तर की जानकारी लेते हुए उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करने तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

*निर्माण कार्य में अनियमितता पर वसूली के निर्देश*

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परासी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में निर्मित किए जा रहे अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही राशि आहरित किए जाने सहित गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर कलेक्टर ने आहरित राशि की वसूली के लिए एसडीएम मरवाही को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

*सचिवों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की हिदायत*

जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिवों से ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति एवं लंबित निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में वित्तीय नियमों की अनदेखी, कार्यों में लापरवाही अथवा अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave Your Comment

Click to reload image