छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने जल अर्पण दिवस का आयोजन

 ग्राम बेदखोदरा में सरपंच को प्रदान किया गया जल अर्पण प्रमाण पत्र, ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प 

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 2 सितंबर 2026

जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत जल प्रदाय योजनाओं के कार्य पूर्ण होने के उपरांत संबंधित ग्राम पंचायतों को औपचारिक रूप से योजना हस्तांतरित करने के उद्देश्य से जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज विकासखंड गौरेला के ग्राम बेदखोदरा में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेदखोदरा के सरपंच को जल अर्पण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को जल के महत्व, जल संरक्षण तथा उपलब्ध पेयजल स्रोतों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने तथा पानी के अपव्यय को रोकने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सरपंच, सचिव सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
       जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है। जारी रोस्टर के अनुसार ग्राम बेदखोदरा में 2 सितंबर को जल अर्पण दिवस आयोजित किया जाना निर्धारित था। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों में ‘जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल का विवेकपूर्ण उपयोग’ के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही हर घर तक सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों को जनभागीदारी से और मजबूत किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image