छत्तीसगढ़ / धमतरी

गंगरेल जलाशय में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, दो सैनिक सुरक्षा सामग्री के साथ तैनात

 धमतरी । गंगरेल जलाशय में वर्तमान जलभराव की स्थिति को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जलाशय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए दो सैनिकों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री के साथ तैनात किया गया है। साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले द्वारा जलाशय और आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी की जा रही है।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा की दृष्टि से गंगरेल बांध, जलाशय, नदी एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के अत्यधिक निकट न जाएं। विशेषकर बच्चों को नदी अथवा जलाशय के आसपास अकेले न जाने दें। नदी में नहाने, तैरने अथवा तेज बहाव वाले स्थानों पर उतरने से बचें। जलाशय एवं नदी में मछली पकड़ने के लिए भी न जाएं, क्योंकि जलस्तर और जलप्रवाह में अचानक परिवर्तन होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सेल्फी अथवा फोटो लेने के लिए पानी के किनारे या जोखिम वाले स्थानों तक जाना भी खतरनाक हो सकता है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलाशय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ सतत निगरानी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार का जोखिम न लें और बांध, नदी एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं से नदी में नहाने, तैरने अथवा मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने तथा अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया है। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image