श्रीमती मरियम लालानी सहित दो और शिक्षकों को मिला मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘ज्ञानदीप पुरस्कार 2026’
राजनांदगांव। शिक्षक दिवस के अवसर पर पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम, राजनांदगांव में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘ज्ञानदीप’ एवं ‘शिक्षादूत’ पुरस्कार 2026 सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ‘ज्ञानदीप पुरस्कार 2026’ से जिले के तीन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें श्रीमती मरियम लालानी, शिक्षिका, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला टेडेसरा, राजनांदगांव, श्री माधव राम साहू, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गुमरेनवानगांव, डोंगरगांव तथा कुमारी ममता कोसा, शिक्षिका, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परगांव खुर्द, डोंगरगढ़ शामिल हैं। वहीं ‘शिक्षादूत पुरस्कार 2026’ से जिले के 12 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राचार्यों, अग्निवीर भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने वाले पीटी शिक्षकों तथा इंस्पायर अवार्ड में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षिका को भी सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री संतोष पांडे रहे। कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला कलेक्टर श्री जीतेन्द्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजू राम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव एवं सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रीमती मरियम लालानी को ‘ज्ञानदीप पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया जाना उनके शिक्षा के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत, नवाचारपूर्ण कार्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का गौरवपूर्ण सम्मान है। यह उपलब्धि उनके विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। इस चयन पर सरपंच डॉ. खिलेश्वर साहू, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महेन्द्र साहू, संकुल प्रभारी प्राचार्य हरनाम सिंह यादव, प्रधान पाठक सुनीता राओ कैसलवार, प्राथमिक प्रधान पाठक मंगलवती साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकगण एवं मित्रों ने श्रीमती मरियम लालानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आशा है कि वे इसी तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते हुए विद्यार्थियों और अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा बनती रहेंगी।