ट्रामा सेंटर हुआ तैयार, जिला अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
महापौर श्री रामू रोहरा और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
अटल आरोग्य लैब में 131 प्रकार की जांचें निःशुल्क, प्रस्तावित जी-प्लस-5 भवन से बढ़ेगी अस्पताल की क्षमता
धमतरी, 12 सितंबर 2026
जिला अस्पताल धमतरी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिला अस्पताल परिसर में नवनिर्मित ट्रामा सेंटर बनकर तैयार हो गया है। इसके माध्यम से दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिले को महत्वपूर्ण सुविधा मिली है।
महापौर श्री रामू रोहरा एवं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बीते दिन जिला अस्पताल पहुंचकर ट्रामा सेंटर सहित अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रामा सेंटर के आपातकालीन कक्ष, अटल आरोग्य लैब, डाटा सेंटर, प्लास्टर कक्ष सहित विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों से चिकित्सा उपकरणों, उपलब्ध संसाधनों, मानव संसाधन तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुगम एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर का तैयार होना धमतरी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा और गंभीर मरीजों के लिए यह सुविधा जीवनरक्षक साबित होगी। अटल आरोग्य लैब में 131 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध होना भी आम नागरिकों के लिए बड़ी सुविधा है। स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार और आधुनिकीकरण यह सुनिश्चित करेगा कि धमतरी के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। जिला अस्पताल के प्रस्तावित विस्तार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और नेत्र चिकित्सा की विशेष सुविधाओं के साथ धमतरी की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनेगी।
अटल आरोग्य लैब में 131 प्रकार की जांचें निःशुल्क
जिला अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब की सुविधाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि अत्याधुनिक एवं पूर्णतः स्वचालित प्रयोगशाला में वर्तमान में 131 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें हीमेटोलॉजी, सीरोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन संबंधी जांच, इलेक्ट्रोलाइट एवं क्लीनिकल पैथोलॉजी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें शामिल हैं।
जिले के विभिन्न विकासखंडों से मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सैंपल जिला अस्पताल स्थित अटल आरोग्य लैब में लाए जा रहे हैं। जांच उपरांत संबंधित मरीजों को रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाती है। इस सुविधा से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक जांच के लिए निजी जांच केंद्रों पर निर्भरता कम होगी तथा समय और उपचार संबंधी खर्च की बचत भी होगी।
महापौर एवं कलेक्टर ने नागरिकों से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। नियमित जांच से कई गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में की जा सकती है, जिससे समय पर उपचार प्रारंभ कर बेहतर स्वास्थ्य परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
जी-प्लस-5 भवन से बढ़ेगी जिला अस्पताल की क्षमता
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिला अस्पताल की अधोसंरचना और चिकित्सा सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है। ट्रामा सेंटर का तैयार होना तथा अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल परिसर में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन किया जा चुका है। प्रस्तावित जी-प्लस-5 भवन का निर्माण आगामी डेढ़ से दो वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है। नए भवन के निर्माण से अस्पताल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा धमतरी जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी बेहतर एवं विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और नेत्र चिकित्सा पर विशेष फोकस
जिला अस्पताल के आगामी विस्तार की कार्ययोजना में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की पृथक विशेष इकाई स्थापित किए जाने की योजना है। समयपूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए अत्याधुनिक एचसीयू (हाई केयर यूनिट) की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
इसी प्रकार नेत्र रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 40 बिस्तरों वाले पृथक आई हॉस्पिटल को विकसित करने की योजना है। इससे नेत्र संबंधी उपचार एवं आवश्यक सेवाओं के लिए मरीजों को अन्य बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
अस्पताल की अन्य सुविधाओं एवं कार्यों की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में लिफ्ट, एमसीएस, ओटी काउंटर सहित अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा ब्लड बैंक यूनिट के उन्नयन, आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई।
महापौर श्री रोहरा ने ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनके समुचित संचालन तथा विभिन्न सेवाओं के बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीज-केंद्रित व्यवस्था विकसित की जाए।
जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर के संचालन, अटल आरोग्य लैब में 131 प्रकार की निःशुल्क जांच सुविधाओं, प्रस्तावित नए भवन तथा मातृ-शिशु एवं नेत्र चिकित्सा की विशेष इकाइयों के विकास से जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इन सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोण्डर सहित स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।