**सीईओ आकाश सिंह को बोड़ला जनपद से हटाना कई सवालों को दिया जन्म*
कबीरधाम |
2026-09-15 10:31:40
**सीईओ आकाश सिंह को बोड़ला जनपद से हटाना कई सवालों को दिया जन्म*
-- प्रशासनिक व्यवस्था के तहत आकाश सिंह को जिला पंचायत में किया गया संलग्न, योगेश वर्मा को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार--
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा, - प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जिला पंचायत कबीरधाम के अधिकारियों के कार्यदायित्व में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार आकाश सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बोड़ला को आगामी आदेश तक जिला पंचायत कबीरधाम में कार्य करने हेतु आदेशित किया गया है। वहीं उनके स्थान पर योगेश वर्मा, प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम को अस्थायी रूप से जनपद पंचायत बोड़ला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का समस्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासन द्वारा यह निर्णय जनपद पंचायत बोड़ला में कार्यों के सुचारू संचालन एवं प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
अचानक बदलाव बना चर्चा का विषय
प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस बदलाव के बाद बोड़ला क्षेत्र में यह विषय चर्चा का केंद्र बन गया है। स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या प्रशासनिक आवश्यकता सामने आई, जिसके चलते प्रभारी सीईओ आकाश सिंह को आगामी आदेश तक जिला पंचायत कबीरधाम में कार्य करने के लिए भेजा गया है।
आकाश सिंह का बोड़ला जनपद पंचायत में लगभग एक से डेढ़ वर्ष का कार्यकाल रहा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को समझने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा किया। बोड़ला जनपद पंचायत का अधिकांश हिस्सा वनांचल क्षेत्र में आता है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण समस्याओं को समझना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद उन्होंने कम समय में क्षेत्र की जमीनी स्थिति को समझने का प्रयास किया।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए रहे सक्रिय
स्थानीय लोगों के अनुसार आकाश सिंह शिकायतों को गंभीरता से लेते थे और मामलों के निराकरण के लिए तत्काल जांच टीम गठित कर कार्रवाई की दिशा में पहल करते थे। वे ग्राम पंचायतों का नियमित दौरा कर योजनाओं और विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। उनके कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक कार्यों में त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली भी चर्चा में रही।
यही वजह है कि उनके स्थानांतरण-सदृश इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि प्रशासनिक आदेश में इसे नियमित प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया गया बदलाव बताया गया है। आकाश सिंह के विरुद्ध किसी शिकायत अथवा कार्रवाई का उल्लेख आदेश में नहीं है।
फिलहाल योगेश वर्मा को जनपद पंचायत बोड़ला की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वे वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को किस तरह गति देते हैं।