गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : विद्यालयों में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने ईएलसी गठन एवं गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर जोर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के गठन एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन को लेकर संकुल स्रोत समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में जिले के तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय स्तर पर ईएलसी के गठन, उद्देश्यों एवं गतिविधियों के सफल संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अम्बुज कुमार मिश्र ने ईएलसी गठन की तकनीकी प्रक्रिया एवं विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में क्विज, निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर निर्माण, वाद-विवाद, जागरूकता रैली एवं मतदाता शपथ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ईएलसी का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के प्रति जागरूकता विकसित कर उन्हें जिम्मेदार भावी मतदाता के रूप में तैयार करना है। विद्यालयों में ईएलसी की प्रभावी सक्रियता से जिले में जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र एवं मजबूत निर्वाचन प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को गति मिलेगी।