छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

मोहला : मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सड़क विकास को मिली बड़ी सौगात, 370.40 करोड़ के कार्य स्वीकृत

 - मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मजबूत हो रहा जिले का सड़क नेटवर्क

- 6 प्रमुख सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को सड़क विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में 6 प्रमुख सड़क कार्यों के लिए कुल 370.40 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों में सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण के साथ पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है। इनके पूरा होने से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा बेहतर सड़क संपर्क से विकास गतिविधियों को गति मिलेगी।
इनमें सबसे बड़ा कार्य राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर राज्य मार्ग क्रमांक-24 का है। किमी 2/8 से 100/2 तक 93.90 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 282.48 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है। इस महत्वपूर्ण मार्ग के बेहतर होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसी तरह मानपुर से बसेली-मदनवाड़ा-कारेकट्टा-सीतागांव मार्ग के 30.65 किलोमीटर निर्माण कार्य के लिए आकस्मिकता निधि अंतर्गत 42.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कौड़ीकसा-अरजकुण्ड-पाटन मार्ग के किमी 8 से 25/8 तक 17.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण सहित कार्य के लिए 30.54 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा कुदुरघोड़ा से वाड़वी मार्ग के 6 किलोमीटर निर्माण कार्य के लिए 5.90 करोड़ रुपये, कहड़बरी-लोहत्तर मार्ग के 6.60 किलोमीटर हिस्से को 14 मीटर चौड़ाई में मजबूतीकरण के लिए 4.42 करोड़ रुपये तथा रेतेगांव से हुरेली मार्ग के 4 किलोमीटर निर्माण कार्य पुल-पुलिया सहित के लिए 4.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

- आवागमन के साथ कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ

इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। इससे आम नागरिकों के आवागमन के साथ कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क सुविधा से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। जिले में स्वीकृत ये सड़क कार्य क्षेत्र के समग्र विकास और मजबूत कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image