जगदलपुर : सेवा संकल्प अभियान : बस्तर के स्कूलों में सजी नन्हें कलाकारों की दुनिया चित्र सेवा, मेरे सपनों का भारत पर बच्चों ने उकेरे मनभावन रंग
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार 18 सितम्बर को बस्तर जिले के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में एक साथ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले भर के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर परिकल्पना को कैनवास पर जीवंत किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित कर शुरू हुए इस अभियान के दूसरे दिन बस्तर के शैक्षणिक संस्थानों में विशेष उत्साह देखने को मिला। चित्र सेवा, मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित इस ड्राइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक, सामाजिक समरसता और देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक कलाकृतियां बनाईं। इस दौरान संस्था प्रमुखों की अध्यक्षता में कला एवं भाषा शिक्षकों की निर्णायक समिति ने श्रेष्ठ प्रविष्टियों का आंकलन किया। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद 19 सितम्बर को विद्यालयों में इन सभी कृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और साथ ही मेरे सपनों का भारत विषय पर प्रेरणादायी भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर चुनी गई श्रेष्ठ ड्राइंग और भाषण के विजेता छात्र-छात्राओं को विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। बस्तर जिले के सुदूर अंचलों तक के विद्यार्थियों में इस रचनात्मक अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा गया, वहीं शिक्षकों और पालकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को एक उत्सव का रूप दे दिया। विभागीय निर्देशों के तहत सभी विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अपलोड भी किए गए।