वर्धमान जैन मंदिर पंडरिया में धूमधाम से मनाया गया पर्युषण पर्व
कबीरधाम |
2026-09-19 10:02:48
वर्धमान जैन मंदिर पंडरिया में धूमधाम से मनाया गया पर्युषण पर्व
भगवान महावीर जन्म वाचन महोत्सव, संवत्सरी प्रतिक्रमण, तपस्या एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
पंडरिया। वर्धमान जैन मंदिर पंडरिया में जैन समाज का पावन पर्युषण पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। आठ दिनों तक चले इस पर्व के दौरान कल्पसूत्र वाचन, स्वाध्याय, पूजा-अर्चना, प्रतिक्रमण, तपस्या, भक्ति एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सकल श्री संघ के श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पर्युषण पर्व के दौरान महाकौशल मूर्तिपूजक संघ ट्रस्ट के सहयोग से देशभर के विभिन्न जिन मंदिरों में कल्पसूत्र वाचन एवं धार्मिक आराधना के लिए रायपुर से श्रीमती आशा देवी बैद एवं अहिवारा से सुश्री पलक श्रीश्रीमाल पंडरिया पधारीं। उनके सानिध्य में सकल श्री संघ द्वारा कल्पसूत्र वाचन का श्रवण, पूजा-धर्म आराधना, स्वाध्याय एवं प्रतिक्रमण का लाभ लिया गया।
आठ दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पोथा जी को घर ले जाकर भक्ति कराने का लाभ श्री हुकुमचंद जी, योगेश कुमार एवं रूपेश कुमार लोढ़ा परिवार ने लिया। उनके निवास पर सकल श्री संघ के सदस्यों द्वारा सामूहिक भक्ति एवं आराधना की गई।
भगवान महावीर जन्म वाचन महोत्सव मनाया
पर्युषण पर्व के पांचवें दिवस तीन लोक के स्वामी एवं अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी के जन्म वाचन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता त्रिशला की भूमिका श्रीमती राजकुमारी लोढ़ा एवं सिद्धार्थ राजा की भूमिका श्री विजय जी लोढ़ा ने निभाई। जन्म वाचन के पश्चात प्रभु परमात्मा के पालने को घर ले जाकर भक्ति कराने का लाभ श्री शांतिलाल जी, शिखरचंद जी एवं शीतल कुमार जी लोढ़ा परिवार ने लिया।