*थाना चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्यवाही—वर्ष 2022 के स्क्रब कबाड़ प्रकरण में फरार शातिर आरोपी पवन राजपूत मथुरा से गिरफ्तार।*
कबीरधाम |
2026-09-19 10:08:28
*थाना चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्यवाही—वर्ष 2022 के स्क्रब कबाड़ प्रकरण में फरार शातिर आरोपी पवन राजपूत मथुरा से गिरफ्तार।*
*33.290 मीट्रिक टन स्क्रब सामग्री में हेराफेरी का आरोप, ट्रक को चिल्फी घाटी में गिराने की साजिश का मामला।*
*मथुरा पहुंची चिल्फी पुलिस टीम, ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को कबीरधाम लाकर न्यायालय में किया प्रस्तुत।*
कवर्धा--
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा वर्ष 2022 से फरार चल रहे शातिर आरोपी पवन राजपूत को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मामले का कूछ इस प्रकार है 30 अगस्त 2022 को ट्रक क्रमांक RJ-05-GB/5730 में रोहतक, हरियाणा से स्क्रब लोहे का कबाड़ सामग्री लोड कर चालक धर्मेंद्र कुमार कलिंगा नगर, उड़ीसा के लिए रवाना हुआ था। घटना के करीब तीन दिन बाद ट्रक चिल्फी घाटी की खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। मौके पर ट्रक क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला, लेकिन ट्रक में लोड 33.290 मीट्रिक टन स्क्रब सामग्री में से पूरी मात्रा मौके पर नहीं मिली।
घटना के संबंध में डालसन कंपनी के मालिक द्वारा थाना चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 32/2022, धारा 406, 407, 120(बी), 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के समक्ष यह तथ्य सामने आया कि ट्रक में रोहतक, हरियाणा से डारसन कंपनी द्वारा भेजी गई स्क्रब सामग्री को आरोपीगण हिमांशु राजपूत, रमाकांत उर्फ मोनू पांडे, धर्मेंद्र कुमार, भगवान सिंह एवं पवन राजपूत द्वारा आपस में षड्यंत्र कर ट्रक को चिल्फी घाटी की खाई में गिराकर पलटने तथा उसमें भरी स्क्रब सामग्री को बेचने की योजना के तहत हेराफेरी किए जाने का आरोप है।
प्रकरण की विवेचना के दौरान वर्ष 2022 में आरोपी हिमांशु राजपूत एवं धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। वहीं अन्य आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी लगातार पतासाजी की जा रही थी।
मथुरा में शातिर आरोपी के ठिकाने पर पहुंची पुलिस टीम, पवन राजपूत गिरफ्तार
फरार आरोपियों की पतासाजी हेतु थाना चिल्फी पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई। पतासाजी के दौरान आरोपी पवन राजपूत पिता स्व. किशन राजपूत, उम्र 33 वर्ष, निवासी जनकपुरी, महोली रोड, थाना कोतवाली मथुरा, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश के निवास स्थान पर पहुंचकर तलाश की गई। आरोपी के मिलने पर पुलिस द्वारा पूछताछ कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को 16 सितम्बर 2026 को न्यायालय मथुरा, उत्तर प्रदेश के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद आरोपी को कबीरधाम लाकर न्यायालय कवर्धा के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा प्रकरण में संलिप्तता एवं अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ हेतु पुलिस रिमांड लिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से प्रकरण के संबंध में बारीकी से पूछताछ की गई। पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन की कार्यवाही के पश्चात आरोपी को 18 सितम्बर को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है। आरोपियों के मिलने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्यवाही में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में थाना चिल्फी पुलिस टीम से आरक्षक जीतू चंद्रवंशी, अमन वाहने एवं साइबर थाना से आरक्षक सुभाष नौरंगे की सराहनीय भूमिका रही।