गौरेला: गांधी चौक में घर में घुसा दुर्लभ गंधबिलाव, सर्प मित्रों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
गौरेला पेंड्रा मरवाही |
2026-09-20 13:58:02
गौरेला- दिनांक 18 सितंबर 2026 को रात लगभग 10:30 बजे गांधी चौक गौरेला निवासी दर्शील जैन के घर में एक वयस्क गंधबिलाव (Civet Cat) घुस आया, जिसे क्षेत्रीय भाषा में कब्र बिज्जू भी कहा जाता है।
घर में वन्य जीव देखे जाने से परिवार में हड़कंप मच गया, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल स्थानीय सर्प मित्रों को दी गई। सूचना मिलते ही सर्प मित्र तुषार वर्मा और बादल कुमार मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद गंधबिलाव का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सर्प मित्रों ने बताया कि यह प्रजाति अब विलुप्ति की कगार पर है। यह जीव मुख्य रूप से रात के समय अपने आहार की तलाश में निकलता है। इसे संरक्षित करना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने लोगों की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि अब लोग जीव-जंतुओं को मारने के बजाय वन विभाग और स्थानीय सर्प मित्रों को सूचना देकर उनका सुरक्षित रेस्क्यू करा रहे हैं, जिससे मानव और वन्य जीव दोनों सुरक्षित रहें। बाद में गंधबिलाव को वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।