सेवा संकल्प गाथा : राजमिस्त्री बनेंगे ग्रामीण हितग्राही, रोजगार की राह होगी आसान
पोलमपल्ली में 35 हितग्राहियों की काउंसलिंग, 23 सितंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण का नया बैच
सुकमा, 21 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अब केवल पक्की छत का सपना पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण हितग्राहियों को कौशल और रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम भी बन रही है। कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के हितग्राहियों को कुशल राजमिस्त्री के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर हासिल कर सकें और आवास निर्माण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इसी कड़ी में जनपद पंचायत कोंटा के ग्राम पंचायत पोलमपल्ली में आरसेटी सुकमा की टीम ने 35 हितग्राहियों की काउंसलिंग की। इन हितग्राहियों के लिए बुधवार, 23 सितंबर से राजमिस्त्री प्रशिक्षण के नए बैच की शुरुआत होगी। वहीं ग्राम पंचायत पुनपल्ली में 35 हितग्राहियों का प्रशिक्षण वर्तमान में जारी है, जबकि पुनर्वास केंद्र, सुकमा के 35 हितग्राहियों को ऑन-कैंपस राजमिस्त्री प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दूरस्थ एवं नियद नेल्लानार क्षेत्रों में संचालित इन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को आवास निर्माण की तकनीकी जानकारी के साथ व्यावहारिक दक्षता भी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हितग्राही कुशल राजमिस्त्री के रूप में अपनी आजीविका के नए रास्ते खोल सकेंगे।
कौशल, रोजगार और आवासकृतीनों को जोड़ती यह पहल ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। प्रशिक्षित हितग्राही जहां अपने लिए रोजगार के अवसर सृजित करेंगे, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनने वाले आवासों के निर्माण में कुशल मानव संसाधन के रूप में महत्वपूर्ण योगदान भी देंगे।