छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

 विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन, विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करने में सहभागिता की अपील की

कोण्डागांव, 21 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत पहल के तहत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोण्डागांव में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘‘विकसित भारत’’ रखा गया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में ‘‘नारी सशक्तिकरण’’, ‘‘नक्सल उन्मूलन’’ तथा ‘‘नशामुक्त भारत’’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर घर-घर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर उनके सेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा में 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संचालन किया गया है, जिनसे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से नागरिकों के बैंक खाते खोले गए और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) की व्यवस्था लागू की गई। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आई है। शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार हो रहा है और वे विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत प्रत्येक क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने और अन्य देशों पर निर्भरता कम हो, इसके लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवाओं को आगे बढ़ाने और उनके कौशल विकास के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर अग्रसर है। महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का आह्वान किया।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करना, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा एवं समर्पण के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। भाषण प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति को मजबूती मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से विकसित भारत और नशामुक्त भारत का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य श्रीमती शांति कौशल ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से प्रेरित है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक श्री टंकेश्वर पाणिग्रही ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

*विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर रखे विचार*

भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा कुमारी निधि यादव ने ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही महिलाओं का उल्लेख करते हुए नारी शक्ति की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

छात्र हरीश कश्यप ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ विषय पर भाषण देते हुए युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा दी। छात्रा कुमारी अंकिता निषाद ने ‘नक्सलमुक्त बस्तर’ विषय पर भाषण प्रस्तुत करते हुए बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता तथा नक्सलमुक्त होने के बाद क्षेत्र में विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। इसी प्रकार कुमारी बुसरा परवीन ने ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत कर अपने विचार व्यक्त किए।

 चित्रकला प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान आजाद (कक्षा 7वीं), द्वितीय जितेन्द्र (कक्षा 8वीं) एवं तृतीय प्रकाश (कक्षा 6वीं) ने प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में मनीषा एवं संध्या (कक्षा 11वीं) ने प्रथम, शिवा नेताम (कक्षा 12वीं) ने द्वितीय तथा रितिक कोर्राम (कक्षा 10वीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में कुमारी निधि यादव (कक्षा 12वीं) ने प्रथम, कुमारी अंकिता निषाद (कक्षा 12वीं) ने द्वितीय तथा कुमारी बुसरा परवीन (कक्षा 12वीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री यूसुफ शेख ने किया। इस अवसर पर श्री संतोष पात्रे, डीएमसी श्री ईमल बघेल, श्री डीएस पोटाई, खंड शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ व्याख्याता श्री राधेश्याम मांझी, श्री हरिशंकर नेताम, श्री धर्मेन्द्र सहित अन्य शिक्षकगण एवं सी.एस.ई. श्री शिवचरण मंडावी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image