छत्तीसगढ़ / महासमुंद

कलेक्टर श्री लंगेह ने समय सीमा की बैठक में की विभागीय कार्यों की समीक्षा

 सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा

सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

महासमुंद, 22 सितंबर 2026

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10ः00 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। प्रथम स्तर पर ही प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों को 7 से 10 दिवस की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन करते हुए प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अभियान की गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 सितंबर को जिले के सभी नगरीय निकायों में जल स्रोतों की सफाई एवं वृक्षारोपण की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 24 सितंबर को सफाई कर्मियों के लिए हेल्थ कैंप, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान तथा नशा मुक्ति अभियान आयोजित किया जाएगा। 25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने तथा कपड़े अथवा जूट के बैग के उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए बैग वितरण की गतिविधियां की जाएंगी। कलेक्टर ने इस दौरान अन्य कार्यक्रमों जैसे ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 एवं 6 अक्टूबर को क्लस्टर लेवल पर शिविर लगाए जाएंगे। जिसके लिए निर्देश दिए गए।
बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था एवं आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना मान्यता के चल रहे अवैध क्लीनिकों एवं स्कूलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री लंगेह ने बैठक में डीसीएस सर्वे की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा उन्होंने सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से सही एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लाॅट्स का अप्रूवल शीघ्र करने कहा गया है।
इसके अलावा कलेक्टर ने न्यायालय के प्रकरणों का जवाबदावा समय पर प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा जन शिकायतों की भी समीक्षा की। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image