छत्तीसगढ़ / कोरिया

सेवा दान महाअभियान- घर की उपयोगी वस्तुएं जरूरतमंदों तक पहुंचाकर बांटें खुशियां’

 ’कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अपील-‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़कर करें सेवा दान, छोटे सहयोग से किसी के जीवन में आएगी बड़ी मुस्कान’

’28 सितंबर को जिला कार्यालय में सामग्री जमा करने की सुविधा, 1 अक्टूबर को रामानुज मिनी स्टेडियम में विशेष सेवा दान आयोजन’

’क्यूआर कोड से कर सकते हैं पंजीयन सेवा दान में सहभागी बनने’

कोरिया 23 सितम्बर 2026

जिले में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दान महाअभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की जा रही है कि घर में उपलब्ध ऐसी उपयोगी वस्तुएं, जिनका वर्तमान में उपयोग नहीं हो रहा है, उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाकर सेवा दान में सहभागी बनें।

’आपके घर की छोटी-सी चीज, किसी के लिए बड़ी खुशी’
सेवा दान महाअभियान के तहत नागरिक बच्चों के खिलौने, शैक्षणिक एवं खेल सामग्री, कहानी की किताबें, स्कूल की पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां तथा साफ-सुथरे और उपयोग योग्य कपड़े दान कर सकते हैं। बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के उपयोग के अच्छे कपड़े भी दान किए जा सकते हैं।

अभियान का उद्देश्य घरों में अनुपयोगी पड़ी उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। नागरिकों द्वारा किया गया छोटा-सा सहयोग किसी जरूरतमंद के लिए उपयोगी संसाधन के साथ-साथ खुशी और नई उम्मीद का माध्यम बन सकता है।

’28 सितंबर को जिला कार्यालय में जमा करें सेवा दान सामग्री’
जिलेवासी 28 सितंबर 2026 को जिला कार्यालय, बैकुण्ठपुर में अपनी सेवा दान सामग्री जमा कर सकते हैं। इसके लिए कलेक्टर अथवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से संपर्क कर सामग्री जमा कराई जा सकती है।

’01 अक्टूबर को रामानुज मिनी स्टेडियम में विशेष आयोजन’
सेवा दान महाअभियान के तहत 01 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुण्ठपुर में विशेष सेवा दान आयोजन किया जाएगा। जिलेवासी इस अवसर पर अपने घर की उपयोगी दान सामग्री लेकर पहुंच सकते हैं और जरूरतमंदों की सहायता के इस अभियान में सहभागी बन सकते हैं।

’क्यूआर कोड से कर सकते हैं पंजीयन’
सेवा दान में सहभागी बनने के इच्छुक नागरिकों के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर सेवा दान के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं तथा जिन वस्तुओं या सामग्रियों का दान करना चाहते हैं, उसकी जानकारी दे सकते हैं।

’सामाजिक संस्थाओं और संगठनों से भी सहभागिता की अपील’
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के ‘सेवा दान महाअभियान’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना समाज को जोड़ती है और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया गया प्रत्येक उपयोगी सामान उसके लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने नागरिकों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं, समाज प्रमुखों, साहित्यकारों, खेल संघों, व्यवसायिक संस्थाओं, विभिन्न संगठनों एवं परिवारों से स्वयं सेवा दान करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया है।

जिला प्रशासन ने जिले वासियों से अपील की है कि वे अपने घर में उपलब्ध उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के इस अभियान में सहभागी बनें। सेवा दान संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9907203250 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image