छत्तीसगढ़ / महासमुंद

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘आंगन मिलन सेवा’ की शुरुआत

 पहले दिन 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वस्थ शिशु को किया सम्मानित

बच्चों ने सुनाए गीत, गिनती और एबीसीडी, हितग्राहियों का श्रीफल से सम्मान और नेवता भोज का आयोजन

महासमुंद, 25 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जा रहा है। आज से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहले दिन जिले के 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी केंद्रों को उत्सवमय वातावरण में सजाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर बच्चों एवं आंगनबाड़ी हितग्राहियों को सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों की गतिविधियों, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों को रंगोली, आकर्षक सजावट एवं स्थानीय परिवेश से जुड़ी सामग्री से सजाया गया था। केंद्रों में स्वस्थ एवं पौष्टिक थाली के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कई केंद्रों में नेवता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और हितग्राहियों ने सामूहिक रूप से भोजन किया।

लभरा खुर्द एवं शेर में बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर

आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह आंगनबाड़ी केंद्र लभरा खुर्द पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों को देखा और बच्चों से गीत एवं एबीसीडी सुनी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दशोदा साहू ने केंद्र की जानकारी देते हुए बताया कि यहां 26 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें 2 बच्चे कुपोषित हैं तथा 8 गर्भवती महिलाएं केंद्र की सेवाओं से जुड़ी हैं।
कलेक्टर ने बच्चों के पोषण एवं भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए भोजन निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध पोषण सामग्री एवं बच्चों के लिए तैयार की गई पौष्टिक थाली का भी अवलोकन किया।
वहीं कलेक्टर ने शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां कुल 32 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित बच्चे की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उसे पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद सदस्य नीता साहू, सरपंच अनीता साहू एवं उपसरपंच भारती साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। केंद्र में 24 बच्चे उपस्थित थे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी गतिविधियां प्रस्तुत कीं। कुशांत ध्रुव ने कलेक्टर के सामने गिनती सुना कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्वस्थ शिशुओं में भाव्या धीवर और उनकी माता पूर्णिमा धीवर को सम्मानित किया गया तथा महतारी वंदन योजना की हितग्राही धनिता साहू एवं गोदावरी साहू को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
आंगन मिलन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए गीत, कविता, गिनती, एबीसीडी, खेल एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों से केंद्रों में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
हितग्राहियों ने कहा आंगनबाड़ी से मिल रहा बच्चों और माताओं को सहारा

कार्यक्रम में सम्मानित श्रीमती पूर्णिमा धीवर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी समय-समय पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त होती है। आंगन मिलन जैसे आयोजन से उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ाव और अपनत्व का अनुभव हुआ।
श्रीमती धनिता ने कहा कि आंगनबाड़ी हमारे बच्चों के लिए सीखने और पोषण पाने का महत्वपूर्ण स्थान है। आज बच्चों के साथ गीत, खेल और गतिविधियों में सभी को शामिल होते देखकर बहुत अच्छा लगा। हितग्राहियों का सम्मान और सामूहिक भोजन से हम सभी में उत्साह बढ़ा है।

Leave Your Comment

Click to reload image