सरस्वती शिशु मंदिर में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन, विविधता में एकता का दिया संदेश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 25 सितंबर 2026
विद्या भारती अखिल भारती शिक्षा संस्थान नई दिल्ली द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत आज सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। देशभर में संचालित लगभग 25 हजार सरस्वती शिशु मंदिरों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करने वाला गीत है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भारत की विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के अर्थ एवं संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं तथा इसकी रचना के पीछे निहित देशप्रेम और राष्ट्रीय भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें। साथ ही, इस भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष एवं सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र श्री राकेश जालान ने कहा कि राष्ट्र एवं देशहित की भावना राजनीति से ऊपर है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रगीत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री विनय सूर्यवाणी, श्री मदन सोनी, श्री विवेक जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, नगर पालिका पेंड्रा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंध अध्यक्ष श्री नीरज जैन, व्यवस्थापक श्री विकास जायसवाल, विद्यालय परिवार के पदाधिकारी, आचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, भारत माता पब्लिक स्कूल की छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।