छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

सेवा की कहानी: महतारी वंदन की राशि से बेटी के भविष्य की नींव मजबूत कर रहीं हरिला साहू

 हर माह मिलने वाली आर्थिक सहायता से नियमित बचत, सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रहीं राशि

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं और परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें भविष्य के लिए बेहतर योजना बनाने का अवसर भी प्रदान कर रही हैं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी कर रही हैं। ग्राम निवासी श्रीमती हरिला साहू की कहानी इसी सोच और दूरदर्शिता की मिसाल है, जो महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का एक हिस्सा अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित रूप से बचत कर रही हैं। हरिला साहू बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। वे इस राशि में से 500 रुपए अपनी बेटी के प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा करती हैं। इस तरह महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता का उपयोग वे बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत के रूप में कर रही हैं। शेष रुपए का उपयोग वे परिवार की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। हरिला साहू के लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी बेटी के बेहतर भविष्य की तैयारी का माध्यम बन गई है। उनका कहना है कि योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित राशि से उन्हें यह भरोसा मिला है कि वे छोटी-छोटी बचत के जरिए अपनी बेटी के भविष्य के लिए अभी से मजबूत आधार तैयार कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से महिलाओं को अपनी जरूरतों और परिवार के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है। हरिला साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली योजनाएं परिवारों के लिए उपयोगी और भविष्य की दृष्टि से सहायक साबित हो रही हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image