छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

महिला समूहों की एकजुटता से गांव के विकास को मिलेगी नई दिशा : निर्मला सिन्हा

 बोदेला में सहेली ग्राम संगठन का वार्षिक अधिवेशन एवं आमसभा आयोजित
राजनांदगांव। ग्राम बोदेला में सहेली ग्राम संगठन का वार्षिक अधिवेशन एवं आमसभा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिन्हा समाज महिला मंच की जिलाध्यक्ष  मुख्य अतिथि श्रीमती निर्मला सिन्हा ने महिला समूहों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की एकजुटता, आत्मनिर्भरता और सक्रिय सहभागिता से परिवार के साथ-साथ गांव के विकास को भी नई दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं नियमित बचत, स्वरोजगार और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आपसी सहयोग एवं एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वार्षिक अधिवेशन के दौरान सहेली ग्राम संगठन की वर्षभर की गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी साझा की गई। साथ ही महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। आमसभा में उपस्थित महिला समूहों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव कृष्णा साहू ने की। इस अवसर पर संकुल संगठन सचिव एवन साहू, लक्ष्मी साहू, तरुण गात्रे, वंदना साहू, नेमा यादव, सत्य प्रभा साहू, भुनेश्वरी वर्मा, परमेश्वरी साहू सहित विभिन्न महिला समूहों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा संगठन को निरंतर सक्रिय रखते हुए सामाजिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image